बिलासपुर (एमबीएम न्यूज): शहर में स्थिति तनावपूर्ण है। बीती रात को विधायक बंबर ठाकुर के खिलाफ आधी रात को गुस्साए लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया है। साथ ही गाडिय़ों से तोडफ़ोड़ भी की गई है। गुस्साई भीड़ को नियंत्रित करने के मकसद से पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। मारपीट मामले में गिरफ्तार आरोपियों को छोडऩे पर लोग भडक़ गए। पिंटू नामक मुख्य आरोपी को दियारा सेक्टर से बाहर निकालने पर लोग अड़े हुए थे।
बताया गया कि विधायक के बेटे समेत कुछ युवकों ने दियारा में रहने वाले युवकों पर डंडों व तलवारों के साथ जानलेवा हमला किया। इसमें कई महिला व पुरुष भी गिरफ्तार हुए हैं। मुख्य आरोपी पिंटू के घर पर पुलिस की कड़ी व्यवस्था की गई है। जिसके मकान के बाहर सैंकड़ों लोग जमा हो गए। पुलिस ने गुस्साए लोगों को हर तरीके का आश्वासन दिया, लेकिन सुबह तक लोग नहीं मानें। नारेबाजी चलती रही। पुलिस पर आरोप है कि कांग्रेस नेता के दबाव में मामूली धाराओं का मामला दर्ज किया गया है।
नेता के बेटे पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिन हमलावर युवकों को पकड़ा भी गया था, उन्हें भी शुक्रवार शाम जमानत मिल गई। मिली जानकारी के मुताबिक जैसे ही लोगों को इस बात की सूचना मिली कि आरोपी दियारा स्थित अपने घर में पहुंच गया है तो लोग वहां जमा हो गए ओर उसे बाहर निकालने की मांग पर अड़ गए। आरोपी के दोस्तों के भी कमरे में आ जाने से मामला अधिक गर्मा गया। कमरे से डेढ़ दर्जन युवकों को निकाल कर पुलिस अपने साथ ले गई है।
बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी के कमरे में कुछ लड़कियां भी थी। तलाशी के दौरान आरोपी की गाड़ी से तलवारें व डंडे बरामद किए गए हैं। आधी रात के बाद स्थिति अधिक तनावपूर्ण हो गई। लिहाजा पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।