रामपुर : उरनी ढांक के पास सतलुज नदी में अस्थाई मार्ग के निर्माण के लिए प्रशासन व संबंधित विभाग ने मिलकर अभियान चलाया। इसके चलते 26 घंटे के बाद किन्नौर का संपर्क प्रदेश से जुड़ गया है। उल्लेखनीय है कि इसी जगह पर बीते दिन परिवहन निगम की एक बस सतलुज नदी के पानी में फंस गई थी।
गौरतलब है कि उरनी ढांक के पास बनाया गया अस्थाई पुल जलस्तर बढ़ने के कारण सतलुज में समा गया था। इस कारण जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे पर यातायात ठप हो गया था। मार्ग अवरूद्व होने से लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसके बाद प्रशासन व विभाग ने इस समस्या से निपटने के लिए अभियान चलाया और 26 घंटे बाद इसमें सफलता मिली। इसी के बाद किन्नौर का संपर्क प्रदेश से जुड़ पाया।