शिमला (एमबीएम न्यूज) : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने महात्मा गांधी को उनके 147वीं जयंती पर प्रदेश के लोगों की ओर से ऐतिहासिक रिज मैदान पर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी उनके साथ थे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत के सपने के साथ गांधी जी ने हमें अहिंसा और सह–अस्तित्व का संदेश दिया। उनके लिए स्वच्छता स्वास्थ्य व अरोग्य का मंत्र था जो कि ईश्वर के उपरांत उनके हृदय के सबसे नजदीक था। मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वच्छ भारत के प्रति अपनी वचनबद्धता को आग्रह किया ताकि महात्मा गांधी के स्वपन को साकार किया जा सके। महात्मा व बापू के नाम से प्रसिद्ध महात्मा गांधी एक महान आत्मा होने के साथ अतरराष्ट्रीय शांति–दूत थे। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वच्छ भारत की शपथ भी दिलाई। उन्होंने हिमाचल को हरित व स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर भी किए।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 112वीं जयंती के अवसर पर सीटीओ पर स्थित उनकी प्रतिमा पर पूष्पाजंलि अर्पित की तथा कहा कि शास्त्री जी एक सच्चे राष्ट्रवादी व और भारतीय राजनीति के एक महान नेता थे जिनकी हमारे जीवन पर अमिट छाप है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिया गया नारा ‘जय जवान जय किसान’ आज के संदर्भ में और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा कि ताशकंद में भारत पाक युद्ध के उपरांत लाल बहादुर शास्त्री का निधन देश के लिए भारी क्ष्ति थी तथा यह दुखद घटना ताशकंद में दो देशों के बीच शांति की घोषणा के उपरांत घटित हुई। उन्होंने कहा कि देश उनकी सेवाओं को हमेशा याद करता रहेगा।
इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी रिज मैदान पर एकत्रित हुए। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा गाए गए गीतों से वातावरण देशभक्तिमय हो उठा।
जिला ग्रामीण कांग्रेस समिति के अध्यक्ष केहर सिंह खाची, विधायक रवि ठाकुर, महापौर संजय चौहान, कृषि उत्पाद विपणन बोर्ड के अध्यक्ष सुभाष मंगलेट, हिमालच प्रदेश राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, उप महापौर टिकेन्द्र सिंह पंवर, पार्षदगण, उपायुक्त रोहण ठाकुर, पुलिस अधीक्षक डी.डब्ल्यू नेगी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी व शहर के गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे