शिमला : नगर निगम शिमला के नए मेयर के लिए तलाश तेज हो गई हैं। मेयर की हाॅटस सीट के लिए भाजपा पार्षदों में घमासान मचा है। सीएम जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से नजदीकी रखने वाले पार्षद मेयर की कुर्सी पर काबिज होने की कवायद में जुटे हैं। 17 दिसंबर को नगर निगम को नया मेयर व डिप्टी मेयर मिल जाएगा। भाजपा के आधा दर्जन पार्षद मेयर के दावेदार बताए जा रहे हैं। इनमें संजीव ठाकुर, सत्या कौंडल, शैलेंद्र चौहान और विवेक शर्मा के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं।
संजीव ठाकुर रूलदूभट्टा के दो बार पार्षद रहे हैं और वरिष्ठता के लिहाज से उनका दावा मजबूत माना जा रहा है। वह भाजपा नेता गणेश दत्त के करीबी हैं, वहीं शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के साथ भी उनके अच्छे संबंध हैं। सत्या कौंडल को भी सुरेश भारद्वाज की पसंद बताया जाता है। वह भी दूसरी मर्तबा नगर निगम की पार्षद बनी हैं और अप्पर शिमला के चौपाल से ताल्लुक रखती हैं। इसी तरह प्रदेश विधानसभा में मुख्य सचेतक व पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के करीबी माने जाने वाले शैलेंद्र चौहान भी दावेदारों में शामिल हैं।
शैलेंद्र चौहान मूलतः जुब्बल-कोटखाई के रहने वाले हैं। लिहाजा अप्पर शिमला से मेयर को प्रतिधित्व दिया गया तो, सत्या कौंडल या शैलेंद्र चौहान की लाटरी लग सकती है। इन तीनों नामों पर अगर सहमति नहीं बनी, तो टूटू वार्ड के पार्षद अधिवक्ता विवेश अथवा उपमहापौर राकेश शर्मा को भी पार्टी मेयर बना सकती है। इसके अलावा संजय परमार, बिट्टू पाना, सुनील धर व मीरा शर्मा भी मेयर की दौड़ में हैं।
भाजपा का प्रदेश नेतृत्व मेयर पर विचार-विमर्श के लिए विस का शीतकालीन सत्र खत्म होने के बाद 16 दिसंबर को शिमला में बैठक करेगा। इस दिन सभी पार्षदों को बुलाकर मेयर का नाम सर्वसम्मति से तय करने पर चर्चा होगी। निवर्तमान मेयर कुसुम सदरेट का कार्यकाल बढ़ाने की संभावना बेहद कम है। उनके कामकाज पर भाजपा के ही कई पार्षद सवाल उठा चुके हैं। मेयर के साथ ही डिप्टी मेयर के पद के लिए भी पार्षद गोटियां फिट कर रहे हैं। डिप्टी मेयर की कुर्सी के लिए आरती चौहान सहित कई अन्य पार्षद शामिल हैं।
दरअसल शिमला नगर निगम की निवर्तमान मेयर कुसुम सदरेट का कार्यकाल 20 दिसंबर को खत्म हो रहा है। शहरी विकास विभाग ने 17 दिसंबर को मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की तारीख घोषित की है। इस दिन उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में दोपहर 11 बजे चुनाव करवाया जाएगा। 34 पार्षदों वाले नगर निगम में भाजपा पार्षदों की संख्या 21 है। कांग्रेस के पास 12 और माकपा की एक पार्षद है।
Latest
- कंगना के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचा रहे विक्रमादित्य
- सिकंदर कुमार संभालेंगे नाहन में पीएम रैली का दारोमदार, 40 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
- आग की लपटों से घिरा सैनधार के कोटला मोलर का जंगल, ग्रामीणों ने दी ये चेतावनी…
- कुल्लू : लगघाटी में कार दुर्घटनाग्रस्त, 21 वर्षीय युवक की मौत
- पहली बार खुलासा, अभिनेता मनोज वाजपेयी की पहली पत्नी का नाहन कनेक्शन…