मंडी (एमबीएम न्यूज) : नाबालिग से बार-बार दुराचार करता रहा। वह ओर कोई नहीं था, बल्कि पीडि़ता का रिश्ते में पिता की बहन का पति था। यह अफसोसजनक हादसा जिला के पद्धर पुलिस स्टेशन से जुड़ा हुआ है। डरी सहमी सी पीडि़ता अपनी हालत को बयां नहीं कर सकी, लेकिन राज खुल गया। दरअसल हुआ यूं कि पीडि़ता का बुआई (फूफा) दिसंबर 2014 से अप्रैल 2015 तक उससे बार-बार दुराचार करता रहा। उस वक्त पीडि़ता नाबालिग थी।
कुछ समय बाद पीडि़ता का विवाह कांगड़ा के बैजनाथ में हो गया। रीति के मुताबिक सावन के महीने में बेटी घर लौटती है, लेकिन इसी बीच उसने एक बेटे को जन्म दे दिया। हालांकि लोकलाज के डर से नवजात शिशु को गोद दे दिया गया, लेकिन महिला सामाजिक संगठन ने बच्ची से दुराचार की सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद पूरा राज खुल गया। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस ने पाया है कि पीडि़ता की मां अपंग है, जबकि पिता गूंगा है। पुलिस ने आरोपी रामलाल की तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना पर पीडि़ता के ससुराल की क्या सोच है। इस वक्त पीडि़ता की उम्र क्या है, इसको लेकर भी पुलिस रिकॉर्ड खंगाल रही है। फिलहाल आईपीसी की धारा-376, 506 के अलावा पोक्सो एक्ट की धारा-4 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।