नितेश सैनी/सुंदरनगर
हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी क्षेत्र में लगातर हो रहे हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहता। इसी कड़ी में अब हिमाचल प्रदेश पुलिस हाईटेक लेजर स्पीड गन से लैस हो गई है। जिला के प्रत्येक सब डिविजनल पुलिस अधिकारी को तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर एक नई हाईटेक लेजर स्पीड गन दी गई है। अब इस स्पीड गन के मिलने से तेज गति से वाहन चालकों की खैर नहीं है।
ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज कृष्ण चंद नेगी की अगवाई में टीम ने एनएच-21 चंडीगढ़-मनाली पर स्थित चमुखा में हाईटेक लेजर स्पीड गन का परीक्षण कर अधिक गति से वाहन चला रहे कई चालकों के चालान काटे। थाना प्रभारी गुरबन सिंह ने कहा कि प्रदेश में वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा था।
उन्होंने कहा कि इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदेश पुलिस को हाईटेक लेजर स्पीड गन से अब लैस कर दिया गया है। लेजर स्पीड गन पहुंचने पर कई रफ्तार वाहन चालकों के चालान काटे गए। उन्होंने कहा कि कुछ वाहन चालकों के लाईसेंस भी सस्पेंड करने के लिए लाईसेंसिग अथॉरिटी को भेज दिए गए हैं। समय-समय पर पुलिस द्वारा स्पीड को लेकर वाहन चालकों के चालान काटे जाएंगे। ट्रैफिक नियमो को तोड़ने वालो को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा।