कुल्लू (एमबीएम न्यूज) : जिला के भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर 55 यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस के पार्वती नदी में समा जाने से जिला में एक बड़ा हादसा हो गया है। यह दुखद हादसा सरसारी नामक स्थान के बाद हुआ बताया जा रहा है। कुल्लू प्रशासन ने 5 की मौत की अधिकारिक पुष्टि की है।
21 घायलों को कुल्लू अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जबकि 25 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बस के नदी में गिरते ही परखचे उड़ गए। बस का मलबा नदी में करीब 10 किलोमीटर तक बहता दिखाई दिया। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने नदी में शव तैरते देखे।
शवों को निकालने के लिए सेना की मदद ली जा रही है। मरने वालों की संख्या का अभी तक सही अंदाजा नहीं लगाया जा सका है। बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक पंजाब के बरनाला और मनसा के रहने वाले थे और मणिकर्ण जा रहे थे।
घायलों की सूची
गुरेंद्र कौर (25) पत्नी गुरसेवक पखोह बरनाला, मनजीत कौर (5) पुत्री गुरसेवक बरनाला, दिलजीत कौर (3) पुत्री गुरसेवक, केवल सिंह (38) पुत्र नाजर सिंह भटिंडा, संदीप कौर पुत्री देवा सिंह भटिंडा, राजकुमार (45) पुत्र भगवान दास निवासी जौंगा, परमजीत कौर (45) पत्नी सुखपाल सिंह बरनाला, तेजेंद्रपाल सिंह (21) पुत्र परगट सिंह राजगढ़ बरनाला, सुरजीत सिंह (35) पुत्र कौर सिंह बरनाला, गुरमीत सिंह (25) पुत्र लीला सिंह निवासी जौंगा, सुखदेव सिंह (30) निवासी जौंगा, बलजिंद्र सिंह (32) पुत्र मग्गर सिंह बरनाला, बलजिंद्र सिंह 23 पुत्र जगतार सिंह बरनाला, निक्का (22) पुत्र जग्गर सिंह राजगढ़, सिकंदर कौर (51) पत्नी सुखदेव सिंह, गुरदीप कौर (51) पत्नी बलजीत सिंह बरनाला, गुरमिंद्र (9) पुत्र बलजिंद्र सिंह बरनाला, गुरनाम कौर, अमनदीप (18) पुत्री धरमेल सिंह भटिंडा और एक घायल की पहचान नहीं हो पाई है।