शिमला (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल की राजधानी के रिज की ठंडी हवाओं में देश का गौरव राष्ट्रीय ध्वज ‘‘तिरंगा’’100 फुट की ऊंचाई पर शान से लहराएगा। नगर निगम ने बाकायदा इसका खाका तैयार कर लिया है। हैरीटेज कमेटी ने भी निगम के इस कदम पर सहमति जता दी है। 13 लाख रुपए की लागत से प्रस्तावित इस धरोहर के निर्माण के लिए टैंडर भी आमंत्रित कर लिए गए हैं।
इस कार्य को एक्पर्ट एजेंसी को ही सौंपा जाएगा। एजैंसी ही निगम के कर्मी को ध्वजारोहण करने के लिए प्रशिक्षित करेगी। इस साल स्वतंत्रता दिवस से पहले ही इस कार्य को अमलीजामा पहनाने की कोशिश है। लिहाजा हिल्स क्वीन की खूबसूरती में एक ओर तमगा लगने जा रहा है।
गौरतलब है कि राजधानी के प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र बिंदू है। इसका निर्माण 8100 फीट की ऊंचाई पर किया गया है। हालांकि राजधानी के अलावा भी प्रदेश में 100 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराने की बात कही गई है, लेकिन 7 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर संभवत: राज्य में यह पहला ही ऐसा मौका होगा, जब तिरंगा लहराएगा।
बताया गया कि राजधानी में तीन दिशाओं से शान से लहराते तिरंगे के दीदार हो पाएंगे। स्वाभाविक सी बात है कि हर रोज तिरंगे को फहराने के लिए हाईड्रोलिक प्रणाली की मदद ली जाएगी।
उधर नगर निगम के सहायक आयुक्त प्रशांत सराइक ने कहा कि 23 जुलाई से पहले सफल बोलीदाता को टैंडर आबंटित कर दिए जाएंगे। ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले कार्य पूरा हो जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कनॉट प्लेस से इस विचार को लिया गया था कि राजधानी में भी 100 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगे की डाइमेंशन 20*30 होगी।