रेणु कश्यप / नाहन
दक्षिण अफ्रीका में अपनी काबलियत का लोहा मनवाने के मकसद से सिरमौरी बेटा सुनील शर्मा साढ़े 9 हजार फीट की ऊंचाई पर पसीना बहा रहा है। इस ऊंचाई पर जहां चंद मीटर चलने पर ही सांस फूलने लगती है, वहीं सुनील 20 से 25 किलोमीटर की दौड़ रोजाना पूरा करते हैं।
कश्मीर के गुलमर्ग की खूबसूरत वादियों में सुनील प्रैक्टिस कर रहे हैं। हालांकि दक्षिण अफ्रीका के डरबन में इतनी ऊंचाई पर सुनील को नहीं दौडऩा है, लेकिन उनका मानना है कि हायर अल्टीटयूड पर की गई प्रैक्टिस काफी मददगार साबित होती है। करीब-करीब 10 दिन से सुनील दोस्तों व रिश्तेदारों से पूरी तरह कट ऑफ हैं। 5-6 जून को सुनील ने दक्षिण अफ्रीका की उड़ान भरनी है।
उल्लेखनीय है कि सुनील ने 21-22 अप्रैल को चौगान मैदान में 24 घंटे ट्रैडमिल पर दौड़ कर 214.73 किलोमीटर की दूरी पूरी की थी। साथ ही एशियन रिकॉर्ड ब्रेक करने में सफल हुए थे। हालांकि डरबन दौड़ के बारे में कई जानकारियां आनी बाकी हैं, लेकिन यह तय है कि 12 घंटे में धावकों को 89 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी है, जिसमें तीन पहाडिय़ों को कवर करना होगा।
बताते हैं कि विश्व की सबसे पुरानी मैराथन में से एक डरबन दौड़ में अफ्रीकन देशों के धावकों का ही दबदबा रहता है। भारत से भी इस दौड़ में लगभग 200 धावक हिस्सा ले रहे हैं। सुनील बताते हैं कि देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी शिद्दत से मेहनत कर रहे हैं। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो दौड़ को 6 घंटे में पूरा करेंगे। इसी सूरत में भारत के हिस्से पदक आ सकता है।