नाहन (एमबीएम न्यूज): अपनी ताकत का लोहा मनवाने को सिरमौरी गबरू सुनील शर्मा ब्राजील पहुंच चुका है। रविवार दोपहर रवाना हुए सुनील ने सात समंदर पार लैंड करते ही अभ्यास करना शुरू कर दिया है। पहली बार विदेशी धरती पर अपनी काबलियत का लोहा मनवा रहे सुनील को एक से 3 फरवरी तक होने वाली अल्ट्रा मैराथन फॉर 135 माइल्स में हिस्सा लेना है, यानि 217 किलोमीटर की दौड़ को 48 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य होगा।
भारत से सुनील के साथ मुंबई के बृजमोहन शर्मा भी इस मैराथन में हिस्सा ले रहे हैं। ब्राजील ने इंडिया से दो धावकों को इस मैराथन में हिस्सा लेने की मंजूरी प्रदान की थी। पूरे विश्व से 175 धावक हिस्सा ले रहे हैं। शुगलू ग्रुप ने सुनील को प्रायोजित किया है। सिरमौरी बेटा द ग्रेट इंडिया रन से चर्चा में आया था, जब इंडिया गेट से मुंबई तक 1480 किलोमीटर की दूरी पूरी की थी।
इसके अलावा चंडीगढ़ से दिल्ली, चंडीगढ़ से श्री रेणुका जी, लेह रन व कारगिल रन इत्यादि में भी सुनील कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। अल्ट्रा मैराथन धावक होने के साथ-साथ सुनील एक समाजसेवी भी हैं। दो रोगियों की जान बचाने के मकसद से सुनील ने नाहन-रेणुकाजी-पांवटा साहिब-नाहन के लिए चैरिटी रन की थी। 3 लाख 37 हजार के आसपास राशि एकत्रित हुई थी।
इसका 10 फीसदी हिस्सा सिरमौर रैडक्रॉस सोसायटी को दिया गया। शेष राशि रोगियों को उपचार के लिए दी गई। इसमें सबसे अहम बात यह है कि ऊना की महिला को किडनी मिल चुकी है, जो अब स्वस्थ है। दूसरे रोगी धनवीर ठाकुर को भी जल्द किडनी मिलने की उम्मीद है।