शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद पर फैसला होने में एक-दो दिन लग सकते हैं। भाजपा के दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट को अवलोकन करने के बाद भाजपा संसदीय बोर्ड सीएम पर मुहर लगाएगा। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज यहां पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की भांति पार्टी नेताओं और संगठन को भी सीएम की घोषणा का बेसब्री से इंतज़ार है। नए सीएम का शपथग्रहण समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगा। यह समारोह भव्य होगा।
पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय कैबिनेट के सदस्य, भाजपा शासित 13 प्रदेशों के मुख्यमंत्री व भाजपा के सहयोग से चल रही राज्य सरकारों के मुख्यमंत्रियों को समारोह के लिए निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। सत्ती ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की निकम्मी और भृष्ट सरकार को उखाड़ फेंका है तथा इसके लिए पार्टी प्रदेश के वोटरों का धन्यवाद करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बूथ से लेकर प्रदेश स्तर के कार्यकरताओं, मोर्चों व प्रकोष्ठों ने इन चयनाव मे भाजपा को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
सत्ती ने बताया कि इन विधानसभा चुनाव में भाजपा को पहली बार 48.8 फीसदी मत हासिल हुआ है। भाजपा को अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित 17 सीटों में से 13 पर जीत मिली है। वहॉं 3 जनजातीय सीटों में से 2 भाजपा के खाते में गई हैं। भाजपा की 6 में से 3 महिलाएं जीतने में सफल रही हैं। उन्होंने बताया कि इन चुनाव में जनता ने जीएसटी पर कांग्रेस के दुष्प्रचार का भी मुंह तोड़ जवाब दिया और 12 में से 8 जिला मुख्यालयों में भाजपा को शानदार जीत मिली।