मंडी (वी कुमार) : हिमाचल प्रदेश से होकर मिसेज इंडिया क्लासिक के खिताब तक पहुंचने वाली झारखंड की रिंकू भकत अब चीन में होने जा रहे मिसेज इंटरनेशनल के लिए देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह जानकारी रिंकू भकत ने मंडी में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान दी। बता दें कि रिंकू भकत मूलतः झारखंड की रहने वाली हैं और एक अधिवकता के तौर पर कार्य करती हैं।
रिंकू भकत के पति सेना भर्ती कार्यालय मंडी में तैनात हैं। कुछ महीने पहले रिंकू भकत ने हिमाचल के मंडी जिला से मिसेज इंडिया क्लासिक के लिए ऑडिशन दिया था। रिंकू भकत ने मिसेज इंडिया क्लासिक के खिताब पर कब्जा भी जमा लिया था। अब रिंकू भकत को मिसेज इंटरनेशनल के लिए सिलेक्ट किया गया है। मिसेज इंटरनेशनल के लिए चीन में 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसमें विश्व भर से आई मिसेज भाग लेंगी। रिंकू भकत ने बताया कि वह मिसेज इंटरनेशनल के लिए पूरी तरह से तैयारी में जुट गई हैं और इस खिताब को भारत लाने की पूरी कोशिश में हैं।
वहीं रिंकू भकत हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के उत्थान के लिए भी कार्य कर रही हैं। रिंकू भकत ने बताया कि वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें घरेलू कार्यों के साथ आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। रिंकू भकत आने वाले दिनों में कुल्लू और लाहुल स्पिति जिलों में जाने वाली हैं जहां पर वह ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात करके उन्हें स्वरोजगार के बारे में जानकारी देंगी।
रिंकू भकत ने बताया कि आम महिलाएं, सेनिकों-पूर्व सैनिकों की पत्नियां या फिर सैंनिकों की विधवाएं जो सामान तैयार करेंगी उसे बेचने के लिए एक मंच मुहैया करवाने का भी प्रयास किया जा रहा है।