मंडी(वी कुमार ) : बीती रात दो अलग-अगल स्थानों पर दो हत्याएं हो गई। पहला मामला सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत मसेरन के दरकालग गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय मृतक बलबीर की गांव के ही कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी मारपीट में बदल गई और बलबीर के सिर पर डंडों से प्रहार किया गया। इससे बलबीर को गंभीर चोटें आई और उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक बलबीर के बेटे की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाही शुरू कर दी है। एसपी मंडी अशोक कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन जारी है।
वहीं दूसरा हत्या का मामला बल्ह उपमंडल के सकरोहा गांव में सामने आया है। यहां पर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को किसी ने मौत के घाट उतार दिया। मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला घर पर अकेली रहती थी। सुबह यह महिला अपने घर के बाहर मृत अवस्था में पाई गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बुजुर्ग महिला की किसी ने गला घोंटकर हत्या की है। एसपी मंडी अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और इसी के आधार पर हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।