मंडी (एमबीएम न्यूज) : करीब 13 साल पुराने हिट एंड रन केस (27-28 सितंबर 2002) में बॉलीवुड स्टार सलमान खान को दोषी करार दिए जाने से देवभूमि हिमाचल प्रदेश का मंडी जिला भी क्षुब्ध है क्यांेकि यह जनपद सलमान खान की बहन अर्पिता का ससुराल है। लगभग छह महीने पहले ही सलमान खान की बहन राज्य के ग्रामीण विकास, पंचायतीराज व पशुपालन मंत्री अनिल शर्मा की पुत्रवधु बनी थी। हाई प्रोफाइल शादी में बॉलीवुड के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों की नामी हस्तियां इस विवाह समारोह की साक्षी बनी थी।
हालांकि एमबीएम न्यूज ने मंत्री के साथ-साथ परिवार के सदस्यों से बात करने की कोशिश की, लेकिन बताया गया कि मंत्री अनिल शर्मा दक्षिण भारत के टूर पर हैं। इसी बीच मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूरन ठाकुर ने माना कि इस फैसले पर जिलावासियों की नजरें भी टिकी हुई थी। ठाकुर ने कहा कि सलमान खान स्वाभाविक है कि मंडी के रिश्तेदार हैं। लिहाजा अफसोस तो होना है, लेकिन न्यायपालिका से ऊपर कोई नहीं है।
गौरतलब है कि मुंबई की सेशन कोर्ट में हिट एंड रन केस में सलमान खान को दोषी करार दिया गया है। कोर्ट में यह बात साबित हुई है कि हादसे के वक्त सलमान खान शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे और उनके पास लाईसेंस भी नहीं था। यह भी बताया गया कि कोर्ट में सुनवाई के कारण ही सलमान खान मंगलवार को शूटिंग छोड़ कर से मुंबई लौट आए थे। खान के करीबी कई बार कहते हैं कि वह बेहद जिंदादिल इंसान हैं।