शिमला (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले शिमला नगर निगम के चुनाव में मतदाताओं ने गजब तरीके से रूझान दिया है। इतना संतुलित जनादेश है कि कांग्रेस-भाजपा दंग है। चूंकि चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हुए हैं, लिहाजा जोड़-तोड़ की राजनीति के बाद आंकड़े मामूली तौर पर बदल भी सकते हैं।
नतीजों के मुताबिक भाजपा ने 17 सीटों पर कब्जा किया है। कांग्रेस को 13 सीटें मिली हैं। आजाद प्रत्याशी तीन रह गए हैं। जबकि सीपीआई(एम) को एक सीट मिली है। बहरहाल नगर निगम की सत्ता के जादुई 18 के आंकड़े को दोनों ही राजनीतिक दल अपने ही स्तर पर हासिल नहीं कर पाए हैं, लेकिन एक निर्दलीय के समर्थन से भाजपा बहुमत को हासिल कर सकती है। बताया जा रहा है कि एक निर्दलीय बीजेपी की ही विचारधारा का है।
कुल मिलाकर शिमला नगर निगम की सत्ता को लेकर दोनों ही राजनीतिक दलों में खासा घमासान मचने की संभावना है। बेशक ही भाजपा को नगर निगम की सत्ता हासिल करने के लिए जुगत लगानी पड़ेगी, लेकिन प्रदर्शन भाजपा ने भी बेहतरीन किया है।
9 बजे मतगणना शुरू हुई तो मिश्रित नतीजे आने लगे। यकीन मानिए, अंतिम 6 वार्डों की मतगणना तक यह नहीं पता चल पा रहा था कि किसे सत्ता मिल रही है। दोपहर 2 बजे तक जो स्थिति स्पष्ट हुई थी, उसके मुताबिक कांग्रेस व भाजपा के 12-12 प्रत्याशी चुनाव जीते थे। वार्ड नंबर 22 से मात्र तीन मतों से चुनाव जीती शारदा चौहान ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने में मिनट भी नहीं गंवाया। खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने स्वागत किया।
कांग्रेस व भाजपा ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झौंक रखी थी, क्योंकि चंद महीने के बाद विधानसभा चुनाव भी हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि सत्ता में काबिज रही सीपीआई(एम) को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी के लिए सुकून की बात यह है कि निगम के चुनाव में पहली बार डबल आंकड़ा छुआ है, मतलब 10 से अधिक सीटें जीती हैं।
अंतिम नतीजे
वार्ड नं0 1 : कांग्रेस की तनुजा चौधरी ने 10 मतों से चुनाव जीता।
वार्ड नं0 2 : बीजेपी को संजीव ठाकुर ने 470 मतों के अंतर से एकतरफा जीत दिलवाई।
वार्ड नं0 3 : बीजेपी के सुनील धर 21 मतों के अंतर से चुनाव जीते है।
वार्ड नं0 4 : इस वार्ड में भी बीजेपी का जादू चला। 299 मतों के अंतर से कुसुम सदरेट ने बाजी मारी।
वार्ड नं0 5 : सीपीआई (एम) का खाता शैली शर्मा ने 249 मतों के अंतर से खोला। पार्टी की यह परंपरागत सीट है।
वार्ड नं0 6 : बीजेपी के विवेक शर्मा 97 मतों के अंतर से चुनाव जीते है।
वार्ड नं0 7 : कांग्रेस के मझियाथ दिवाकर ने 52 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 8 : बीजेपी की किरणबाला आरामदेय स्थिति में चुनाव जीती है।
वार्ड नं0 9 : आजाद प्रत्याशी संजय परमार ने 272 मतों से चुनाव जीत लिया है।
वार्ड नं0 10 : कांग्रेस के आनंद कौशल ने 327 मतों से बाजी मारी।
वार्ड नं0 11 : कांग्रेस की सिमी नंदा ने 15 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 12 : बीजेपी के जगदीश बग्गा को 326 वोटों से जीत मिली है।
वार्ड नं0 13 : भाजपा के बिट्टू कुमार ने 285 मतों से चुनाव जीता।
वार्ड नं0 14 : कांग्रेस की सुषमा कटियाला 65 वोटों से जीती है।
वार्ड नं0 15 : कांग्रेस की इंद्रजीत सिंह करीब 300 मतों से जीते है।
वार्ड नं0 16 : कांग्रेस की अर्चना धवन ने 16 वोटों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 17 : बीजेपी की सिमी सूद ने तकरीबन 630 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 18 : भाजपा की आरती चौहान ने 200 मतों से चुनाव मेें सफलता पाई है।
वार्ड नं0 19 : बीजेपी की सत्या कौंडल ने 130 मतों से चुनाव जीता।
वार्ड नं0 20 : बीजेपी के कमलेश मेहता 305 मतों से चुनाव जीत गए है।
वार्ड नं0 21 : भाजपा के शैंलेंद्र चौहान ने 28 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 22 : कडे मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी शारदा चौहान ने मात्र 3 मतों से चुनाव जीत लिया है।
वार्ड नं0 23 : कांग्रेस की रीता ठाकुर ने 452 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 24 : कांग्रेस की मीरा शर्मा ने 522 मतों से बाजी मारी।
वार्ड नं0 25 : कांग्रेस के कुलदीप ठाकुर ने 24 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 26 : निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार विजयी हुए है।
वार्ड नं0 27 : कांग्रेस प्रत्याशी राकेश चौहान ने मुकाबला जीत लिया है।
वार्ड नं0 28 : बीजेपी की विदुषी शर्मा ने 200 मतों से जीत हासिल की है।
वार्ड नं0 29: निर्दलीय अर्चना चौहान ने 18 मतों से चुनाव जीता है। यहां कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं उतारा था।
वार्ड नं0 30 : बीजेपी की रेणु चौहान ने 54 मतों से चुनाव जीता है।
वार्ड नं0 31 : बीजेपी की आशा शर्मा ने बाजी मार ली है।
वार्ड नं0 32 : कांग्रेस की कुसुमलता को विजय मिली है।
वार्ड नं0 33: बीजेपी के पूरनमल ने मुकाबला जीता है।
वार्ड नं0 34: बीजेपी की बृज सूद ने मुकाबला जीत लिया है।
कुल सीटें 34
कांग्रेस
भाजपा
सीपीआई(एम)
निर्दलीय
सत्ता का तराजू निर्दलीयों के हाथ..
वार्ड नंबर 9 से संजय परमार जीते हैं। 26 नंबर वार्ड से राकेश कुमार को जीत का सेहरा बंधा है। वार्ड नंबर 29 से निर्दलीय के तौर पर अर्चना जीती हैं। 22 नंबर वार्ड की आजाद प्रत्याशी शारदा चौहान ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। मतलब तीन आजाद प्रत्याशी बचे हैं। अगर कांग्रेस तीनों का ही समर्थन लेती है। साथ ही सीपीआई(एम) का समर्थन भी मिल जाता है तो सत्ता मिलेगी। वहीं अगर भाजपा इन तीन निर्दलीयों को साथ लेने में सफल होती है तो पहली बार नगर निगम पर भगवा लहराएगा।