चंबा (एमबीएम न्यूज): एक अरसे से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर दंगों में वांछित भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ‘रावण’ को डलहौजी से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई तडक़े तीन से चार बजे के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की सहारनपुर पुलिस को भीम आर्मी चीफ की लोकेशन चंबा के डलहौजी के आसपास मिली थी।
इस सूचना को चंबा पुलिस से साझा किया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी गई, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरफ्तारी से जुड़ी अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन बताया जा रहा है कि तडक़े गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस चंद्रशेखर को लेकर वापस रवाना हो चुकी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में भीम आर्मी चीफ की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई है।
बताया जाता है कि भीम आर्मी में 40 हजार के करीब लोगों की सदस्यता है। इसकी स्थापना 2015 में की गई थी। मई महीने के पहले सप्ताह में सहारनपुर में जबरदस्त जातीय हिंसा हुई थी, इसका दोषी भीम आर्मी चीफ को ही माना जा रहा है।
यू टयूब पर दो दिन पहले एक वीडियो के मुताबिक चंद्रशेखर ने अपने बयान में आत्मसमर्पण करने की बात कही थी। यह बात जांच के बाद ही सामने आ पाएगी कि भीम आर्मी चीफ ने कितने दिन हिमाचल में छिपने के लिए आश्रय लिया।
फोटो साभार : इडिया टुडे