मंडी (वी कुमार): बीती रात मंडी शहर के महिला पुलिस थाना के बाहर एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है।
मरने वाले युवक की पहचान अनीश निवासी संधोल के रूप में हुई जबकि घायल की पहचान मनीष निवासी सरकाघाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है यह दोनों युवक मंडी शहर के पैलेस कलोनी में रहते थे। बीती रात यह दोनों स्कूटी पर कहीं जा रहे थे। जब यह महिला थाने के पास पहुंचे तो स्कूटी पर से अपना नियंत्रण खो दिया। इस कारण दोनों को गंभीर चोटें आई।
दोनों को घायल अवस्था में जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया जहां पर उपचार के दौरान अनिश ने अपना दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे घायल को गंभीर अवस्था में आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने अनीश के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने दुर्घटना संबंधी मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।