मंडी (एमबीएम न्यूज़): गोहर उपमण्डल के चौलचौक मौवीसेरी सडक मार्ग पर शनिवार सुबह करीब आठ बजे एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक युवक की मौत हो गई है। हादसे में कार चालक मृतक युवक का चाचा गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसका उपचार नागरिक अस्पताल गोहर में किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह कार नंबर (एचपी 33 ए 1897) सेगली से तरौर गांव को आ रही थी। तरौर में गाडी को मोडते समय कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। कार गिरने का धमाका होते ही तरौर गांव के लोगों ने कार चालक हुस्न कुमार (35) और उसके भतीजे चंदन कुमार (22) पुत्र सेवक राम निवासी सेगली को सडक तक पहुंचाया। जंहा से उन्हे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल गोहर ले जाया गया। चंदन कुमार के सिर पर गहरी चोट होने के कारण उसने गोहर अस्पताल जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गोहर अस्पताल के चिकित्सकों ने चंदन कुमार को मृत घोषित कर दिया। कार चालक हुस्न कुमार को हादसे में गंभीर चोटें आई है, जिसका गोहर अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। चंदन कुमार के शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। हुस्न कुमार तरौर गांव से दुध एकत्रित कर सेगली ले जाते था जिसे लेने के लिए रोज की तरह वह तरौर गांव आए थे।
दुर्घटना की सुचना मिलते ही उपमंडल में सन्नाटा छा गया है। इस दुर्घटना पर बाल्हडी पंचायत प्रधान चंपा ठाकुर, उपप्रधान सोहन लाल, नाचन विधायक विनोद कुमार ने शोक व्यक्त किया है। थाना प्रभारी गोहर चांद किशोर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।