शिमला, 06 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश में दिवाली पर्व के उपलक्ष्य पर अग्निकांड की कई घटनाएं हुई हैं। आगजनी में 83 लाख से अधिक संपत्ति जलकर बर्बाद हो गई। घटनाओं की सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों ने आग को काबू किया। ज्यादातर जगहों पर पटाखों व आतिशबाजी की वजह से आग लगी। कुछ जगह आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट रहा। गनीमत यह रही कि आगजनी के दौरान कहीं भी कोई हताहत नहीं हुआ।
अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक तीन व चार नवम्बर को पूरे राज्य में आगजनी की 54 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें छोटी दिवाली यानी 3 नवम्बर को सात व चार नवम्बर को 47 घटनाएं हुईं। अग्निकांड में राज्य में 83.77 लाख की संपत्ति राख हो गई। जबकि दमकल कर्मियों ने आठ करोड़ की संपति को जलने से बचाया।
इस दौरान प्रदेश भर में 27 घर और 22 गोशालाएं आग की चपेट में आए। कांगड़ा जिला में आगजनी की सबसे ज्यादा 12 घटनाएं हुई हैं। इसके अलावा शिमला में 10, सोलन में आठ, ऊना में छह, बिलासपुर व सिरमौर में चार-चार, मंडी, चंबा व हमीरपुर में तीन-तीन और कुल्लू में एक जगह आग भड़की है।