नाहन (एमबीएम न्यूज): राजगढ़-नौहराधार मार्ग पर रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बारात से लौट रही एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। यह हादसा छोगटाली के समीप केड़ा में हुआ। एसडीएम चौपाल अनिल कुमार की बहन की बारात से लौट रही कार दुर्घटना की शिकार हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के पीडि़त एसडीएम के करीबी हैं। घायलों को राजगढ़ अस्पताल से सोलन रैफर कर दिया गया है।
राजगढ़ के सेर गांव से बारात नौहराधार के ठठराना गांव रविवार सुबह निकली थी। दोपहर बाद दुल्हन की विदाई होकर बारातियों के वाहन वापस सेर गांव लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में छोगटाली के समीप आई20 कार(एचपी-64बी-0264) अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार सुनील कुमार (40) एवं रघुवीर (47) निवासी सेर गांव एवं नवीन (26) गांव भाणत राजगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल विवेक (30) निवासी कोटी एवं चद्रमोहन (36) निवासी चब्यूल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले छोगटाली के लोगों ने सभी घायलों और हादसे के शिकार लोगों को खाई से बाहर निकाल लिया था। उधर राजगढ़ के एसएचओ मोहर सिंह चौहान ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।