ऊना (एमबीएम न्यूज़) : जिला मुख्यालय की समीपवर्ती ग्राम पंचायत बरनोह में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने लोगों को जमकर छकाया। बरनोह स्थित पूर्व विस उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा के घर चोरी का असफल प्रयास करने के बाद उन्होंने एक के बाद एक चार घरों में दस्तक देकर हजारों रुपए के गहनों व नकदी पर हाथ साफ कर डाला है। इन घरों में एक रिटायर्ड एचपीएस अधिकारी और एक वन विभाग के डिप्टी रेंजर के घर भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ शेर सिंह ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। वहीं शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे अज्ञात शातिरों ने पूर्व विस उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा के घर रसोई की खिड़की में लगी ग्रिल को तोडऩा शुरु कर दिया।
ऐन वक्त पर रामनाथ शर्मा के पुत्र और युवा कांग्रेस नेता विवेक शर्मा की पत्नी रसोई में कुछ लेने आई और उसने बाहर से टॉर्च लाइट से अंदर झांकते लोगों को देखा और शोर मचा दिया। जिसके चलते शातिर मौके से फरार हो गए। हल्ला सुनकर बरनोह के कई लोग घरों से निकल आए और खेतों में शातिरों की तलाश में जुट गए। वहीं चोरों ने गांव के दूसरे छोर पर चार घरों को निशाना बना डाला। जिनमें से एक बरनोह निवासी जीवन शर्मा के घर से उन्होंने चांदी के 22 सिक्के, पायलों की जोड़ी और दो बिछुए उड़ा लिए।
वहीं साथ ही रह रहे वन विभाग के डिप्टी रेंजर राजीव शर्मा के घर से तीन हजार रुपये की नकदी उड़ा ली है। शातिरों ने दो अन्य घरों को भी निशाना बनाया है। इन घरों के मालिक बाहर गए हैं। जिसके चलते नुकसान का पता नहीं चल सका है।
एसएचओ सदर शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।