सोलन, 10 जनवरी : प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल 11 जनवरी, 2023 को शिमला स्थित सचिवालय में अपना कार्यभार सभालेंगे। हिमाचल कैबिनेट के नवनियुक्त मंत्री सचिवालय में अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत करेंगे।
डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिलका जन्म सोलन जिला की कंडाघाट तहसील के बशील गांव में स्वर्गीय नारायण राम शांडिल के घर 20 अक्तूबर, 1940 को हुआ। इन्होंने एमए, एमफिल एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इनका एक बेटा व दो बेटियां है। यह राजनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे है। इन्होंने सशस्त्र बलों में वर्ष 1962-1996 तक अपनी सेवाएं प्रदान की और कर्नल के पद से सेवानिवृत्त हुए।
1999 में हिमाचल विकास कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में 13वीं लोकसभा के लिए बतौर सांसद चुने गए। वर्ष 2004 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में 14वीं लोकसभा के लिए पुनः निर्वाचित हुए। अप्रैल 2011 से सितंबर 2013 तक यह मिजोरम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी व कांग्रेस कार्यकारी समिति के सदस्य रहे।
दिसंबर 2012 में यह हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए। 25 दिसंबर 2012 से 21 दिसंबर 2017 तक इन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री के रूप में कार्य किया। दिसंबर 2017 में 13वीं विधानसभा के लिए यह दूसरी बार चुने गए और कल्याण, लोक प्रशासन एवं आचार नीति समितियों के सदस्य रहे। दिसंबर 2022 में 14वीं विधानसभा के लिए पुनः विधायक चुने गए।