शिमला, 11 अक्टूबर : विधानसभा चुनाव के एलान से पहले हिमाचल कांग्रेस में बगावत थम नहीं रही है। प्रदेश कांग्रेस के एक और नेता ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे विधायक विक्रमादित्य सिंह के करीबी धर्मपाल ठाकुर ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। धर्मपाल ठाकुर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव थे।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेजे इस्तीफे में धर्मपाल ठाकुर ने पार्टी की सदस्यता छोड़ने के साथ सभी पदों से भी त्यागपत्र दिया। धर्मपाल ठाकुर शिमला में कांग्रेस के दबंग युवा के तौर पर जाने जाते हैं। वह मूलतः रामपुर बुशहर के निवासी हैं। पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य सिंह के साथ वह कांग्रेस छोड़ चुके हर्ष महाजन के भी काफी करीबी रहे हैं।
माना जा रहा है कि हर्ष महाजन के कांग्रेस छोड़ने के बाद ही उन्होंने भी पार्टी को अलविदा करने का कदम उठाया है। धर्मपाल ठाकुर पूर्व कांग्रेस सरकार में आईटीआई जिला शिमला के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह वर्ष 1993-94 में संजौली कॉलेज के एनएसयूआई कैंपस अध्यक्ष रहे हैं। 1996 में शिमला शहर के एनएसयूआई अध्यक्ष बने। इसके बाद एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव, यूथ कांग्रेस में सचिव और यूथ कांग्रेस व एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी के तौर पर भी कार्य कर चुके हैं।