नाहन, 20 अगस्त : हिमाचल की स्थापना के 75 साल पूरा होने के मौके पर ऐतिहासिक चैगान मैदान में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बतौर मुख्यातिथि पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को भी आज मास्क पहनना पड़़ता है, लेकिन आप पंडाल में बैठे हैं वो भी नजदीक-नजदीक, लेकिन किसी ने भी मास्क नहीं पहना है। ये सब कुछ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत संभव हुआ है। सरकार ने चंद महीनों के बीच डबल वैक्सीन बना डाली।
इससे पहले भारत में टीकों को आने में 25 से 30 साल का वक्त लग जाता था। संबोधन के दौरान नड्डा ने कांग्रेस पर ज्यादा हमले नहीं किए, लेकिन कांग्रेस के घोटालों का जिक्र जरूर किया। नड्डा ने कहा कि पोलिया, टेटनस, टीबी, जापानी बुखार की दवा पहुंचने में 28 से 30 साल लगे। जापानी बुखार की दवा पहुंचने में 100 साल लगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी जापानी बुखार की दवा को लेकर आए।
नड्डा ने कहा कि सोच का अंतर है। उदाहरण पेश करते हुए कहा कि गिलास में अगर आधा पानी हो तो एक कहता है कि गिलास आधा खाली है। जबकि सही सोच रखने वाला कहता है कि गिलास आधा भरा हुआ है, बाकी हवा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि टू लेन को फोरलेन बनाना है और फोरलेन को 6 लेन में बदलना है।
HRTC बस में हिचकोले खाते शिमला से नाहन आते थे BJP अध्यक्ष नड्डा, पुरानी यादें की ताजा
उन्होंने कहा कि 9वें वित्त आयोग ने हिमाचल से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया था। दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इसकी खिलाफत करते रहे, लेकिन कांग्रेस ने कांग्रेसियों की ही नहीं सुनी। 2014 में मोदी ने विशेष राज्य के स्टेटस को बहाल कर दिया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विकासात्मक योजनाओं की चर्चा की। साथ ही व्यंग्यात्मक तरीके से कांग्रेस पर तंज भी कसे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस वाले बड़े चतुर हैं। पहले तो प्रदेश के लोगों को कोविड वैक्सीनेशन को लेकर डराते रहे, पहली डोज लगवाने के बाद पैरा मेडिकल स्टाफ से ये पूछते थे कि दूसरी डोज कब लगनी है।
सीएम ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि हिमाचल ने कोविड की दो-दो डोज लगवाने में देश भर में पहला स्थान हासिल किया। सीएम ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि धर्मशाला में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रात्रि ठहराव का कार्यक्रम बना तो कांग्रेसी इसको लेकर कई तरह का दुष्प्रचार कर रहे थे। लेकिन बाद में खामोश होने पर मजबूर होना पड़ा।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता व पार्टी के सह प्रभारी टंडन इत्यादि मौजूद थे। हालांकि सुबह बारिश हुई, लेकिन जनसभा के दौरान मौसम खुशनुमा हो गया था।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक मुफ्त टीके उपलब्ध कराने के साथ-साथ दुनिया के 100 से अधिक देशों को भी भारत ने वैक्सीन मुहैया करवाई। इनमें से 20 से अधिक देशों को मुफ्त टीके उपलब्ध करवाए गए। हिमाचल के सभी लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक देने में देश का पहला राज्य बनने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व के कारण यह संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी अपने क्षेत्र, राज्य और देश को सही दिशा की ओर ले जाने तथा चहुमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए सही और गलत नेतृत्व के बीच अंतर को समझने का प्रयास करें। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 9वें वित्त आयोग ने हिमाचल का विशेष श्रेणी का दर्जा समाप्त कर दिया था।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा हिमाचल को दिए गए विशेष औद्योगिक पैकेज को भी केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने वापस ले लिया था। अब हिमाचल के लिए विकासात्मक परियोजनाओं में केंद्र-राज्य के 90ः10 के अनुपात को बहाल करके नरेन्द्र मोदी ने बहुत बड़ी सौगात दी है।