शिमला, 05 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश जमकर कहर बरपा रही है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को भी वर्षा का दौर जारी रहा। कुछ स्थानों पर मुसलाधार वर्षा हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ। मानसूनी वर्षा से संपति को भारी नुकसान पहुंच रहा है। सड़कों पर जगह-जगह भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही और सेब की ढुलाई प्रभावित हो रही है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में भूस्खलन से 55 सड़कें बंद रहीं। कुल्लू जिला में सर्वाधिक 34, मंडी में नौ, चंबा में सात, सोलन में तीन और कांगड़ा में दो सड़कें बाधित हुईं। इसके अलावा किन्नौर में 15, चंबा में नौ, मंडी में दो और कुल्लू जिला में एक ट्रांसफार्मर बंद रहे। चंबा में 14 और लाहौल-स्पीति में एक पेयजल परियोजना ठप हुई। भारी वर्षा से हमीरपुर में दो कच्चे मकान पूर्ण रूप से जमींदोज हुए, वहीं बिलासपुर व मंडी में दो-दो, चंबा, हमीरपुर और सिरमौर में एक-एक कच्चे मकान को आंशिक नुकसान पहुंचा। 10 पशुशालाएं भी धराशायी हो गईं। इनमें सोलन में पांच, मंडी में चार और सिरमौर में एक पशुशाला शामिल है।
शिमला जिला के सुन्नी क्षेत्र में भूस्खलन से बस अड्डे को खतरा पैदा हो गया है। बस अड्डे पर पत्थर गिरने से भवन को काफी क्षति पहुंची है। यहां अभी भी पहाड़ से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। इससे स्थानीय लोग दहशत में है। शिमला के ठियोग के शदी गांव में बीती रात भूस्खलन के बाद एक मकान को खरता पैदा हो गया है।मौसम विभाग ने आगामी नौ अगस्त तक राज्य के अधिकतर भागों में भारी वर्षा की आशंका जताई है। मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात होने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सबसे ज्यादा 111 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा पालमपुर में 95, गोहर में 79, रामपुर में 70, बैजनाथ में 58, मंडी व खीरी में 52-52, गग्गल में 51, शिलारू में 42, डलहौजी में 41, नारकंडा में 39, पंडोह में 36, मशोबरा में 35, नैना देवी में 3, ठियोग व जोगेंद्रनगर में 30-30, मनाली में 23, कोटखाई में 22, चंबा में 21, जंजैहली में 20 और सलोणी में 19 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बादलों के बरसने से राज्य में मौसम सुहावना बना हुआ है।
शिमला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री, सुंदरनगर में 31.3 डिग्री, भुंतर में 29.6 डिग्री, कल्पा में 21.4 डिग्री, धर्मशाला में 26 डिग्री, उना में 33.8 डिग्री, नाहन में 27.5 डिग्री, केलांग में 20 डिग्री, पालमपुर में 26.5 डिग्री, सोलन में 28.2 डिग्री, मनाली में 22 डिग्री, कांगड़ा में 30.2 डिग्री, मंडी में 31 डिग्री, बिलसपुर में 31 डिग्री, हमीरपुर में 30.2 डिग्री, चंबा में 29 डिग्री, डल्हौजी में 21.1 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 25.2 डिग्री, कुफरी में 18.6 डिग्री, कुकुमसेरी में 23 डिग्री, नारकंडा में 16 डिग्री, कोटखाई में 26.6 डिग्री, रिकांगपिओ में 26.9 डिग्री, सियोबाग में 28.3 डिग्री, धौलाकूआं में 31.5 डिग्री, बरठीं में 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा।