नाहन, 15 जून : बुधवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक एडीबी की तकनीकी टीम ने नाहन शहर के सौंदर्यीकरण परियोजना के दृष्टिगत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष विधानसभा डॉ. राजीव बिंदल ने यह जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस टीम में एड़ीबी की तकनीकी टीम के मुखिया इंजीनियर अजय गर्ग और उनके सहयोगियों में आर्किटेक्ट प्रशांत, अविनाश और सिरमौर टूरिज्म अधिकारी राजीव मिश्रा भी उपस्थित रहे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हम नाहन शहर के सौंदर्यीकरण और हेरिटेज स्थलों के विकास और संरक्षण के लगातार प्रयास कर रहे हैं। हमने नाहन शहर के सौंदर्यीकरण कार्य को एडीबी परियोजना में शामिल किया है। कोरोना के कारण फंड की कमी होने के कारण अभी तक इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ा पाए थे।
डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि हमारे नाहन फाउंडरी का गौरवशाली इतिहास रहा है, और जनभावनाएं को देखते हुए यहां पर क्राफ्ट विलेज बनाने की योजना पर हम आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही नाहन के ऐतिहासिक तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण के अलावा कुछ हेरिटेज स्थलों का सौंदर्यकरण और विकास भी इस परियोजना के अन्तर्गत किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार में हम नाहन शहर के सौंदर्यीकरण के इस महत्वपूर्ण कार्य को आने वाले समय में पूरा करने में सक्षम होंगे।