हमीरपुर, 24 मई : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जलाड़ी में अध्यापक शैक्षणिक कार्यों के अतिरिक्त खेलों की ओर भी बच्चों का रुझान एवं उत्साह बना रहे है। इस लक्ष्य की पूर्ति हेतु विद्यालय के शारीरिक शिक्षक केसर सिंह और सविता अपनी देखरेख में बच्चों को सुबह 7:45 से 8:45 तक विद्यालय के मैदान में विभिन्न खेलों का अभ्यास निरंतर करवा रहे हैं।
विद्यालय के सभी कक्षाओं के लगभग 65 से 70 बच्चे क्रीड़ांगण में खेलों का अभ्यास करते हैं। खेल के मैदान में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन्ग जंप, हाई जंप, दौड़ तथा अन्य शारीरिक गतिविधियों के साथ-साथ योग का अभ्यास बच्चे सुबह विद्यालय के समय से पहले आकर निरंतर उत्साह पूर्वक कर रहे हैं। विद्यालय के अन्य शिक्षक प्रदीप कुमार, दिनेश कुमार, रणजीत सिंह, सुमनलता एवं स्वयं प्रधानाचार्य भी इस कार्य में बच्चों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी विशेष रूचि रखते हैं तथा अभिभावकों का भी इसमें पूर्ण सहयोग मिलता है। अभिभावक अपनी स्वीकृति से बच्चों को सुबह खेलने के लिए भेजते हैं। कुछ अभिभावक खेल के समय स्वयं उपस्थित रहते हैं। खेलों में सक्रिय रहने से बच्चों का शारीरिक, मानसिक तथा बौद्धिक विकास तेजी से होता है साथ ही बच्चे गलत संगत से भी बचते हैं।
उन्होंने बच्चों के अभिभावकों का भी धन्यवाद किया कि वे सुबह के समय में बच्चों को खेलने के लिए भेज रहे हैं। निश्चित रूप से बच्चों का भावी जीवन में सकारात्मक परिणाम होंगे। इन गतिविधियों के बारे में जानकर विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान कुलजीत परमार व अन्य सदस्यों ने समिति की बैठक में इन खेलों के अभ्यास की प्रशंसा की और विद्यालय के समस्त स्टाफ का इस पहल के लिए धन्यवाद भी किया।