नाहन (एमबीएम न्यूज): दुर्गम क्षेत्र नौहराधार की भराड़ी पंचायत के भराड़ी गांव में एक तेंदुए ने ओवरे (पशुशाला) की छत तोड़ 3 बकरियों को अपना शिकार बनाया। हालांकि यह घटना वीरवार देर रात 3 बजे की है, लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
एसएफडीए हॉल नाहन में तैनात विनोद कुमार ने बताया कि भराड़ी गांव में उनके चाचा मेलाराम की 3 बकरियों को तेंदुए ने मार गिराया। उन्होंने बताया कि वीरवार रात तेंदुआ पशुशाला की छत तोडक़र अंदर जा घुसा और उसने वहां बंधी 3 बकरियां को मार गिराया। इसके बाद तेंदुआ ओवरे का दरवाजा तोडक़र जंगल की तरफ भाग गया। विनोद के मुताबिक क्षेत्र में तेंदुए की दहशत से लोग सहमे हुए है। उन्होंने बताया कि तेंदुए द्वारा बकरियों को अपना शिकार बनाने से करीब 20 हजार रूपए का नुकसान हुआ है। विनोद ने बताया कि भराड़ी पंचायत के प्रधान चंद्रमोहन द्वारा मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उधर ग्रामीणों ने वन विभाग ने तेंदुए को पकडऩे की मांग की है।