हमीरपुर, 7 जनवरी : थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत जलाड़ी पंचायत के होड़ गांव की एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उस पर हमला करने व उसकी अंगुली चबा देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि घटना के समय आरोपी नशे में था।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में गांव की महिला सुरेश कुमारी पत्नी उधम सिंह ने कहा है कि वह अपने घर के आंगन में उसके जेठ की बहू ममता देवी के साथ खड़ी थी। इसी दौरान रामचंद्र पुत्र मिलखी राम शराब के नशे में धुत्त होकर उनके आंगन में पहुंच कर गाली गलौच करने लगा। जब उसे ऐसा करने से मना किया गया तो उसने ममता को जोर से धक्का दे दिया।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने ममता के हाथ की एक अंगुली दांतों से बुरी तरह चबा डाली। जिसके कारण उसे गंभीर चोट आ गयी। महिला ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उसके घर में तोड़फोड़ आरम्भ कर दी। शोर सुन कर परिजनों व आसपास के लोगों ने आरोपी के चंगुल से उन्हें बचाया।
इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने बताया कि घायल महिला का मेडिकल करवा कर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा इस सम्बंध में आगामी कार्यवाही अमल में लायी जा रही है।