कुनिहार (सोलन), 15 नवंबर : सोलन के कुनिहार क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक महिला की उम्र 40 से 45 वर्ष तक की प्रतीत हो रही है। रौंगटे खड़े कर देने वाली बात ये है कि शरीर से आंखे निकाल ली गई। आशंका है कि कत्ल के बाद शव के कूड़ा फेंकने वाली जगह से नीचे खाई की तरफ फेंक दिया गया।
जानकारी के अनुसार कुनिहार- कुफटू मार्ग के बझोल के नजदीक नाले में कुछ महिलाएं पशु चारा लेने गई थी। अचानक नाले में उनकी नजर कम्बल पर पड़ी, जिसमे कुछ बंधा हुआ लग रहा था। कम्बल को थोड़ा खोलकर देखने पर ग्रामीण महिलाओं के होश उड़ गए। क्योकि उसमें एक महिला का शव था। इसकी सूचना स्थानीय पंचायत को दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने इसकी जानकारी पुलिस थाना कुनिहार को दी।
पुलिस ने स्थानीय लोगो सहयोग से फ़ौरन ही मौके पर पंहुचकर शव को गहरे नाले से बाहर निकाला। इसके अतिरिक्त सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोक कर शव की पहचान करवाई गई। लेकिन मृतक महिला की कोई शिनाख्त नही हो पाई।
प्रधान ग्राम पंचायत कुनिहार राकेश ठाकुर, उप प्रधान हरिदास तनवर ने बताया कि ग्रामीण महिलाएं बझोल नाले में पशुचारा ले रही थी। उन्होंने एक बंधे हुए कम्बल में महिला का शव देखा। देखने से उक्त महिला प्रवासी नही लग रही है।
थाना प्रभारी अंकुश डोगरा ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आने जाने सभी वाहन चालकों व राहगीरों के अतिरिक्त स्थानीय लोगों से भी मृतक की पहचान करवाई जा रही है। लेकिन अब तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। महिला को मौत के घाट उतारने के बाद शव को ठिकाने लगाया गया था या नहीं, ये बात जांच के बाद ही साफ़ हो पाएगी।
हालांकि एमबीएम न्यूज नेटवर्क के पास महिला की तस्वीरें मौजूद हैं, लेकिन इतनी भयावक हैं कि इन्हें शेयर नहीं किया जा सकता।