हमीरपुर, 12 नवंबर : हिमाचल प्रदेश में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अब बहुतकनीकी संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के मेधावियों को 5 गुना ज्यादा छात्रवृत्ति दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मेधावी स्टूडेंट्स को दी जाने वाली छात्रवृत्ति की पुरस्कार राशि में वृद्धि की है। पहले तीन स्थान हासिल करने वाले इन मेधावियो को यह छात्रवृत्ति पुरस्कार राशि शैक्षणिक सत्र 2021-22 में जारी की जाएगी।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव आरके शर्मा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बहुतकनीकी संस्थानों व आईटीआई संस्थानों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति की राशि में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि बहुतकनीकी संस्थानों में प्रथम स्थान पर रहने वाले मेधावी को अब 11 हजार के स्थान पर 50 हजार द्वितीय स्थान वाले छात्र को 51 सौ के स्थान पर 30 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले मेधावी को 31 सौ के स्थान पर 20 हजार रुपए दिए जाएंगे।
इसके अलावा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के मेधावियों में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र को 31 सौ के स्थान पर 21 हजार, द्वितीय स्थान पर रहने वाले छात्र को 21 सौ के बजाए 11 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले मेधावी को 11 सौ के बजाए 5500 रुपए की छात्रवृत्ति पुरस्कार राशि दी जाएगी। बढ़ी हुई छात्रवृत्ति पुरस्कार राशि शैक्षणिक सत्र 2021-22 से लागू होगी। आरके शर्मा ने कहा कि बहुतकनीकी संस्थानों में यह छात्रवृत्ति ब्रांच वाइज जबकि आईटीआई में ट्रेडवाइज प्रदान की जाएगी।