हमीरपुर, 10 नवंबर : जिला में ब्यास नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की डूबने से मौत हो गई। वहीं, बुधवार सुबह नदी में एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। फ़िलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को महिला पूजा-अर्चना का सामान जल में प्रवाहित करने आई हुई थी।
ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पैर फिसलने से महिला नदी में जा गिरी, लेकिन सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मिली जानकारी के मुताबिक महिला गौना गांव की रहने वाली थी। पति पैरामिलिट्री फोर्स में कार्यरत है। परिजनों का कहना है कि महिला मंगलवार दोपहर बाद घर से निकली थी। देर शाम जब वापस घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसे ढूंढने की कोशिश की।
लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सुबह जब पतन बाजार के साथ बहती ब्यास नदी में मृतक महिला का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया तो लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। उधर, थाना प्रभारी नीरज राणा ने बताया कि परिजनों से बात की गई है। महिला अपने घर से निकली और नदी में पूजा अर्चना का समान प्रवाहित करने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कर छानबीन शुरू कर दी है।