कांगडा, 1 नवंबर : डमटाल थाना के अंतर्गत रविवार सुबह 27 साल की विवाहिता ने आत्मदाह कर मौत को गले लगा लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को एक सात पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जो मृतक महिला ने खुद को आग लगाने से पहले भाई को लिखा था।
हालांकि इस सुसाइड नोट से जुड़े अधिक पहलू सामने नहीं आ रहे हैं, लेकिन मोटी जानकारी के अनुसार महिला ने सुसाइड नोट में परिवार के कलेश का जिक्र किया है। इसी को लेकर खौफनाक कदम उठाने की बात कही है। इसमें पति के साथ-साथ सास-ससुर, ननद व ननदोई पर भी कलेश के आरोप लगाए गए हैं।
बता दें कि 27 वर्षीय विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल काॅलेज भेज दिया। महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत मामला दर्ज हुआ है। मृतक महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य जानकारी के मुताबिक महिला की शादी 8 साल पहले हुई थी। उसकी एक बेटी भी है।