ऊना, 27 अक्टूबर : उपमंडल अंब के तहत पड़ते गांव सपौरी में दंपति एक साथ भगवान को प्यारे हो गए। दंपति की पहचान (95) घमंडी राम व चिंती देवी (85) के रूप में हुई है। आपको बता दें कि मंगलवार सुबह 4 बजे घमण्डी राम जैसे ही भगवान को प्यारे हो गए, तो पति को मृत देखते ही पत्नी ने भी उसी वक्त अपने प्राण त्याग दिए।
गांववासियों ने बताया कि बुजुर्ग दम्पति आपस में इतना प्रेम करते थे कि एक पल भी अलग नहीं रहते थे। बेहद गरीब होने के बावजूद उन्हें किसी से कोई भी गिला शिकवा नहीं था। वहीं उनकी एक बेटी है जो उनकी देखभाल करती थी। अपने माता-पिता को एक साथ संसार को छोड़ते हुए दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शमशान घाट पर दोनों की चिता एक साथ बनाई गई व एक ही चिता पर दोनों को मुखाग्नि उनके दामाद ने दी। दोनों को एक साथ इस संसार से विदा होते देख हर कोई हैरान है, कि यहां पति-पत्नी में लड़ाई-झगड़े होते हैं लेकिन इन दंपति ने एक दूसरे का साथ मरते दम तक नहीं छोड़ा।