शिमला, 08 अक्टूबर : प्रदेश की चार सीटों पर उपचुनाव के लिए भाजपा की तरफ से चयनित उम्मीदवारों की जाली सूची वीरवार को सोशल मीडिया पर जारी हुई। इस सूची में मंडी लोकसभा सीट पर एक फिल्म अभिनेत्री को भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया था।
इस सूची में जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा सीटों पर उन उम्मीदवारों के नाम थे, जिन्हें भाजपा ने उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह के जाली हस्ताक्षर कर इस सूची को जारी किया गया था। भाजपा द्वारा जारी उम्मीदवारों की अधिकारिक सूची से पहले इस सूची को जारी किया गया था।
प्रदेश भाजपा के कार्यालय सचिव प्यार सिंह कंवर ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन शिमला में शिकायत दर्ज करवाते हुए जाली सूची सोशल मीडिया पर जारी करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। साइबर क्राइम के एस.पी. को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि उपचुनाव के परिणाम को प्रभावित करने और मतदाताओं को गुमराह करने के मकसद से ये कारनामा किया गया है तथा ऐसी हरकत करने वालों के विरूद्व कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।