नाहन, 11 सितंबर : जिला सिरमौर की मानगढ़ पंचायत से एक दुखद खबर सामने आई है। पच्छाद उपमंडल की मानगढ़ पंचायत के भारतीय सेना में नायक राजीव कांत की देर रात चंडीमंदिर आर्मी कमांड अस्पताल में मृत्यु हो गई है। उनके मृत्यु की खबर के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड गई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वहीं गत वर्ष दिल्ली में उनका ऑपरेशन भी हुआ था।
जानकारी के मुताबिक भारतीय सेना के पोस्टल डिपार्टमेंट में कार्यरत राजीव कांत की पोस्टिंग इन दिनों कसौली आर्मी कैंट में थी। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हुई, तो उन्हें चंडी चंडीमंदिर कमांड अस्पताल में लाया गया। जहां पर देर रात को उनकी मृत्यु हो गई।
राजीव कांत की पार्थिव देह कसौली आर्मी कैंट को सौंप दिया गया है। जहां से अब उनके पार्थिव को उनके पैतृक गांव मानगढ़ पहुंचाया जाएगा। जहां पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजीव कांत अपने पीछे पत्नी मथुरा देवी , पुत्री कल्पना शर्मा तथा पुत्र शुभम शर्मा को छोड़ गए हैं। राजीव कांत का जन्म 15 मई 1968 को मानगढ़ में हुआ था तथा वह 10 सितंबर 1997 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे।
इन दिनों उनकी पोस्टिंग कसौली आर्मी कैंट में थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्मी कैंट कसौली की ओर से उनके परिजनों को उनकी राजीव कांत की मृत्यु की सूचना शनिवार सुबह ही दे दी गई थी। जहां पर अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।