कुल्लू, 11 सितंबर : बंजार उपमंडल में बाहू के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। वाहन सड़क से करीब डेढ़ सौ फीट नीचे जा गिरा है। बताया जा रहा है कि इसमें बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी भी सवार थे। वाहन में विधायक समेत 5 लोग सवार थे, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार में उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी बालू पांजो क्षेत्र में देवता के दर्शन करने गए हुए थे। दर्शन के बाद जब विधायक पैदल वापिस लौट रहे थे, तो रास्ते में उन्होंने एक वाहन में लिफ्ट ले ली। थोड़ी दुरी पर यह वाहन अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा।
बताया जा रहा है कि इस सड़क की खस्ता हालत होने के कारण विधायक अपना वाहन नहीं ले गए थे और पैदल ही देवी-देवताओं के दर्शन करने बालों पांजो नामक स्थान पर पहुंचे थे। वापस लौटते वक्त यह हादसा पेश आया है। डॉक्टर के अनुसार सभी की हालत सामान्य है। अभी स्वास्थ्य जांच लगातार जारी है। उनके अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं।