मंडी,19 अगस्त : नवगठित नगर निगम मंडी के विकास को जल्द ही चार चांद लगने वाले हैं। इसके लिए नगर निगम में कवायद तेज कर दी है। नगर निगम मंडी को मुख्यमंत्री से मिले 15 करोड़ की धनराशि से अब शहर के विभिन्न वार्डों में गाड़ियों के लिए पार्किंग स्थल, फूलों से सजे सुंदर और मनोरम पार्क व शारिरिक स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम बनाए जाऐंगे।
यह जानकारी नगर निगम के उपमहापौर विरेंद्र भट्ट ने मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दी। वीरेंद्र भट्ट ने पूरी नगर निगम व शहर वासियों की तरफ से नगर निगम में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होने बताया कि मंडी नगर निगम ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए खाका तैयार कर लिया है और शीघ्र ही उसे अमली जामा पहनाने की कोशिश की जाएगी।
इसके साथ ही नगर निगम में स्टाफ की कमी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उप महापौर विरेंद्र भट्ट ने कहा कि अभी अधिकतर पद खाली चल रहे हैं। जिससे विकास कार्यों के बेहतर और शीघ्र निष्पादन में समय लग रहा है लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस स्थिति से अवगत हैं और उन्होने जल्द ही पदों को भरने का आश्वासन दिया है।
आपको बता दें कि 2009 में नगर परिषद मंडी को नगर निगम का दर्जा देने की कवायद शुरू हुई थी, 11 सालों बाद यह कवायद सिरे चढ़ी है। नगर निगम के चुनावों में शहर की जनता ने भाजपा को जमकर समर्थन दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र में नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में गाड़ियों के लिए पार्किंग बनाए जाने की भी बात भी कही है।