नाहन, 22 जुलाई : शहर की संकीर्ण सड़को पर बेसहारा पशु भी परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। इससे जहां पशुओं की जान को जोखिम रहता है, वहीं पल भर में सड़कों पर जाम लग जाता है। पुलिस को पशु अत्याचार निवारण समिति के माध्यम से शिकायत मिली थी कि कैरियर अकादमी के समीप अज्ञात वाहन द्वारा बछड़े को जख्मी किया गया है।
ऐसा प्रतीत होता पाया गया कि बछड़े को मालिक द्वारा जान बूझ कर छोड़ा गया था। बछड़े पर लगे टैगस को स्कैन करने पर पता चला कि इसका मालिक चिड़ावाली का रहने वाला संजय खान पुत्र सिकंदर खान है। मालिक द्वारा बछड़े को बेसहारा छोडे़ जाने पर आम जनता को बाधा का सामना करना पड़ा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिनियम के अंतर्गत बछड़े के मालिक से 5 हजार का जुर्माना वसूला। साथ ही ये भी चेतावनी दी कि अगर भविष्य में उसके पशु बेसहारा सड़कों पर घूमते पाए गए तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि कुछ अरसे से शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पहले ही ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है। इस पर पशुओं की संख्या में बढ़ोतरी से मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं।