शिमला, 9 अप्रैल : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने चार नगर निगमों में से दो पर पार्टी का पूर्ण बहुमत हासिल करने पर खुशी जताते हुए कहा है कि इन चुनाव परिणामों से पार्टी अब नए जोश व उत्साह के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए मतदाताओं का आभार प्रकट किया।
राजीव भवन में गुरुवार को पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए राठौर ने कहा कि भाजपा को केवल एक नगर निगम में ही जीत हासिल हुई और वह भी मुख्यमंत्री का गृह जिला जिसमें मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों को वोट मांगने के लिए घर घर जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि मंडी को मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया था। यहां पर लोगों पर जीत के लिए भारी दवाब बनाया गया। अंतिम दौर में भाजपा ने यहां चुनाव प्रभावित करने की हरसंभव कोशिश की, मगर उसे इसमें मंडी को छोड़ कही भी कोई सफलता नही मिली। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में भाजपा को बहुमत नहीं मिला है। लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है और आगामी 2022 के चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी।
राठौर ने कहा कि पिछले पंचायत व नगर निगम चुनावों में भाजपा ने जनमत को चुराया था। उन्होंने कहा कि नगर निगम के इन चुनावों को पार्टी चिन्ह पर करवाने की मांग की उन्होंने इसी आधार पर की थी कि भविष्य में कोई भी जनमत को चुराने का प्रयास न करें और न ही कोई खरीद फरोख्त हो सकें। मुख्यमंत्री ने उनकी इस मांग को स्वीकार करते हुए उसमें जीत की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि इस चुनौती को स्वीकारा और परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आये। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही देश प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने की बात कहती रही है। पर अब देश प्रदेश भाजपा मुक्त होने की राह पर चल पड़ा है।
राठौर ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए रक्त संचार के साथ नई ऊर्जा व जोश पैदा हुआ है और इसी जोश व ऊर्जा के साथ आने वाले समय मे कांग्रेस मंडी व फतेहपुर उप चुनावों में भी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नए जोश के साथ लोगों के बीच जाएगी। मंडी और धर्मशाला में हार व कमियों के कारणों की समीक्षा की जाएगी और कमियों को दूर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि चुनावों में अच्छा काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।