नाहन, 17 फरवरी : सिरमौर के एसपी खुशहाल चंद शर्मा ने 26वीं हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में 25 मीटर पिस्टल की स्पर्धा में कांस्य पदक पर निशाना साधा। पुलिस शूटिंग क्लब के हिस्से प्रतियोगिता में 14 मैडल आए हैं। अर्जुन अवार्डी व डीएसपी विजय कुमार ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए। 25 मीटर स्टैंडर्ड व 25 मीटर सैंटर फायर पिस्टल में विजय कुमार को पदक हासिल हुए। इसी स्पर्धा में सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने दो पदक हासिल किए।
उप निरीक्षक नरेश कुमार ने 50 मीटर राइफल की थ्री पाॅजीशन में स्वर्ण पदक हासिल किया। मुख्य आरक्षी शुभम कुंडलस ने 50 मीटर राइफल में स्वर्ण पदक हासिल किया। आरक्षी राजेश कुमार ने अचूक निशाने साधते हुए एक स्वर्ण, रजत व कांस्क पदक हासिल किए। राजेश ने 10, 25 व 50 मीटर में शानदार निशाने लगाए। वहीं, 50 मीटर पिस्टल में राजेंद्र कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला आरक्षी वीना ने 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं, महिला आरक्षी साक्षी ने 10 व 25 मीटर में रजत व कांस्य पदक हासिल किया। जुड्डा का जोहड़ शूटिंग रेंज में आयोजित राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में अलग-अलग जिलों के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी धौलाकुआं के समादेशक ने बताया कि पुलिस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कुल 14 मैडल जीते हैं।