आनी/ राकेश शर्मा
आनी खंड की ग्राम पंचायत बुच्छैर के अंतर्गत पड़ने वाला गांव तराला, अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए सुप्रसिद्ध है। घने जंगलों के बीच मे बसा यह गांव यहां की सुंदरता को बयां करता है। प्रकृति की सुंदरता के बीच बसा तराला गांव, पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। यहां की सुंदरता और मनमोहक वातावरण का लुत्फ़ उठाने हिमाचल समेत अन्य राज्यों के पर्यटक भारी संख्या में आते हैं।
शांत वातावरण, घने जंगल, तराला जोत इसे निरमंड ब्लॉक से जोड़ता है। वन विभाग का विश्राम गृह, जो आज़ादी से पहले वर्ष 1936 में बन कर तैयार हुआ था। इस विश्राम गृह में आज भी इंग्लैंड सहित पूरे यूरोप के पर्यटक आते रहते हैं। आज यह क्षेत्र सड़क जैसी सुविधा से भी जुड चुका है। इसलिए गर्मियों में यहां पर्यटकों का तांता लगा रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रदेश सरकार का साथ भी होता तो यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से आज बहुत आगे होता और बेरोजगार युवाओं के लिए रोज़गार का एक महत्वपूर्ण साधन भी बन जाता।