शिमला, 10 फरवरी : उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से हुए जल प्रलय के कारण हिमाचल से सम्बन्ध रखने वाले 10 लोग फंसे हैं। पहले वहां पर प्रदेश के 8 लोगों के फंसे होने की संभावना थी, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 10 हो गई है। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि इस साल में प्रदेश सरकार उत्तराखंड शासन व प्रशासन के साथ सम्पर्क बनाये हुए है तथा उत्तराखंड में अपनी टीम को भेजने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि चमोली में फंसे हिमाचल के लोगों को लेकर अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।sh
इनका वहां पर बांध के इर्दगिर्द फंसे होने की संभावना है। इन लोगों को तलाशने के लिए अभियान जारी है और प्रदेश सरकार हालात पर पूरी नज़र रखे हुए है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सरकारी स्तर पर समीक्षा की गई है तथा अधिकारियों को संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा फंसे लोगों के परिजनों को सरकार की तरफ से हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने को कहा गया है।