शिमला, 24 जनवरी : चौपाल उपमंडल में आधी रात को हुए एक सड़क हादसे में चालक समेत 2 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य जख्मी हैं। इन्हें आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। हादसा आधी रात 1 बजे छारकी दोपति नामक स्थान पर हुआ। हादसे का शिकार हुए सभी लोग नेपाली मूल के थे और आपस में रिश्तेदार थे। वे नेरवा व कोटखाई में रह रहे थे। मृतकों की पहचान चालक कमल(40) और कमलेश (60 )के रूप में हुई है। घायलों में मीरा, मीनाक्षी और कृश्णा शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मीरा अपनी बेटी मीनाक्षी और अन्य रिश्तेदारों के साथ इलाज के लिए चंडीगढ़ जा रहे थे। शनिवार की रात 1 बजे बेगनर कार (HP08A-3660) अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का पता लगने पर चौपाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। चालक और एक महिला घटनास्थल पर मृत मिले। वहीं तीन महिलाओं को घायलावस्था में खाई से बाहर निकाला गया। इन्हें आईजीएमसी रैफर किया गया है।
एसपी शिमला मोहित चावला ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इस दुर्घटना को लेकर चौपाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।