मंडी, 04 जनवरी : केंद्र सरकार ने एससी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप में पांच गुना बढ़ोत्तरी करके ऐतिहासिक निर्णय लिया है और अनुसूचित जाति वर्ग को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा ने आज जिला में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के बजट में पांच गुना बढ़ोत्तरी की है।
1944 में इस स्कॉलरशिप के शुरू होने के बाद अब तक सिर्फ 11 हजार करोड़ की राशि खर्च की गई थी। जबकि अब सालाना 6 हजार करोड़ इस स्कॉलरशिप पर खर्च किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने इसके लिए 59048 करोड़ के बजट का प्रावधान भी किया है।
यह योजना अनुसूचित जाति वर्ग के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। इस वर्ग के जो बच्चे किन्हीं कारणों से अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते थे उन्हें इसका सीधा लाभ मिलेगा। देश भर में 1.34 करोड़ बच्चों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। भाजपा एससी मोर्चा प्रदेश भर में इसका प्रचार प्रसार करेगा और जो पात्र लोग होंगे, उन्हें इसका लाभ पहुंचाया जाएगा।
नितेन कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत आने वाले बजट को पहले राज्य की सरकारें अपनी सुविधा के अनुसार खर्च करती थी। लेकिन अब इसमें ऐसा नहीं होगा, क्योंकि केंद्र सरकार सीधे लाभार्थी को इसका लाभ देगी। इस मौके पर उनके साथ बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह और एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष किशोर चंद भी मौजूद रहे।