ऊना, 21 दिसंबर : आम आदमी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के माध्यम से सीएम अरविंद केजरीवाल ने अधिवक्ता अनूप केसरी को हिमाचल प्रदेश में अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा है। पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को ऊना पहुंचे नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी का स्वागत मैहतपुर प्रवेश द्वार एवं ऊना में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष अनूप पटियाल, राज्य अनुशासन कमेटी एवं प्रेस सचिव पूर्ण चंद व महिला विंग की अध्यक्ष ममता ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। ऊना विश्राम गृह में पत्रकारवार्ता के दौरान प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा उन्हें जो प्रदेश अध्यक्ष का पदभार सौंपा गया है उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
केसरी ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव सहित नगर निकायों में पार्टी के प्रत्याशियों को उतारा जाएगा। जो कार्यकर्ता चुनाव में उतर रहा है उसका पूरा साथ दिया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चला जाएगा।
केंद्रीय नेतृत्व ने नई सरंचना के लिए जिम्मेदारी दी है। इसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। पंचायत चुनाव के अलावा प्रदेश के आगामी चुनाव में जो भी आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता लड़ेगा पार्टी कार्यकारिणी उसका साथ देगी। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए पार्टी को उम्मीदवार मिल रहे हैंं। जो इच्छा जाहिर कर रहा है उसे मौका दिया जा रहा है। प्रदेश में पार्टी सभी चुनाव में पूरी भागीदारी सुनिश्चित करेगी। प्रदेश में ईमानदार एवं स्वच्छ छवि की सरकार दी जाएगी।
दिल्ली निवासियों के लिए अरविंद केजरीवाल द्वारा जो कार्य किए गए हैं उन्हें जहां भी जन जन तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर केजी पराशर, चमन लाल, अजय कुमार, निकेश, केवल, दुर्गेश चौधरी, देस राज चौधरी, जितेंद्र कुमार, राज ठाकुर, राज चौहान, राजेश अत्रि, सुभाष चंद, रणजीत कुमार, हर्ष कुमार, आदित्य, मलकीयत सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।