ऊना : बड़ेहर में खेतों में एक पेड़ पर एक महिला का शव लटकता बरामद हुआ है। मृतका की पहचान तारो देवी (38) पत्नी गुरबख्श सिंह वार्ड नं 6 झुडोवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शूरू कर दी है। अभी यह साफ नही हो पाया है कि यह हत्या है या आत्महत्या। जानकारी के अनुसार बडेहर गांव में एक महिला का शव सुबह स्थानीय किसी व्यक्ति ने पेड़ से लटकता देखा। स्थानीय लोग एकत्रित हुए। जब पहचान की तो यह महिला साथ लगते गांव झुडोवाल की तारो देवी निकली।
मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। एएसपी विनोद धीमान ने खुद मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। महिला के दो बच्चे भी हैं। महिला ने अगर आत्महत्या की तो किन कारणों से की या फिर इसे किसी साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया है। यह सब सवाल हर किसी के जहन में उठ रहे हैं क्योंकि जिस पेड़ से शव लटका मिला है उस पर चढ़ पाना भी बेहद मुश्किल काम है। ऐसे में मामले का सच पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई है।
पेड़ से शव लटका मिलने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। उधर एएसपी विनोद धीमान ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों व ग्रामीणों के बयान कलमबद्ध किये जा रहे हैं।