शिमला : हिमाचल में दूसरे प्रदेशों से लोगों का पहुंचना जारी है। इस कारण कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। दो जिलों में मंगलवार को पांच नए मामले उजागर हुए। कांगड़ा में 3 और मंडी में 2 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। ये सभी बाहरी राज्योें से वापिस आए हैं। इनमें दिल्ली पुलिस का एक जवान भी शामिल है, जो कि कांगड़ा में संक्रमित पाया गया है। इसके साथ ही हिमाचल में अब कोरोना के मामले बढ़कर 350 हो गए हैं। इनमें एक्टिव मरीज 212 हैं, जो कि विभिन्न कोविड केयर अस्पतालों में भर्ती हैं।
सुखद बात यह रही कि आज छह जिलों के 18 मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। हमीरपुर से सबसे ज्यादा 9 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। इसके अलावा मंडी से 4, ऊना से 2 और बिलासपुर, कांगड़ा व सिरमौर जिलों से एक-एक मरीज ठीक हुआ है। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 136 हो गई है। हमीरपुर में बेशक कोरोना के सबसे ज्यादा मामले आए हैं, लेकिन इस जिले में मरीज भी तेजी से ठीक हो रहे हैं। हमीरपुर में सबसे ज्यादा 39 मरीज ठीक हुए हैं। इसके बाद कांगड़ा जिला का स्थान है, जहां 33 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है।
ऊना में 22, चंबा में 11, बिलासपुर में 8, मंडी में 5, सिरमौर में 3 और कुल्लू व शिमला में एक-एक मरीज स्वस्थ हुआ है। सिरमौर जिला में अब एक एक्टिव केस रह गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात 9 बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक हमीरपुर में कोरोना के 112 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। कांगड़ा में 90, ऊना में 39, सोलन में 32, चंबा में 24, बिलासपुर में 18, मंडी में 15, शिमला में 9, सिरमौर में 4 और कुल्लू में 2 मामले हैं।
कांगड़ा जिला में आज पाॅजिटिव पाए गए तीन लोग दिल्ली से लौटे थे। इनमें एक 22 साल की छात्रा है जो बीते 26 मई को दिल्ली से स्पाइस जेट की फलाइट से कांगड़ा पंहुची थी। यह शाहपुर उपमंडल के भनियारा गांव से संबंधित है। वहीं दूसरा व्यक्ति दिल्ली पुलिस में कार्यरत है और 27 मई को दिल्ली से निजी कार द्वारा कांगड़ा लौटा था। 56 वर्षीय यह व्यक्ति कांगड़ा उपमंडल के सुनेहड़ गांव का रहने वाला है। कांगड़ा जिला में 57 वर्षीय पूर्व सैनिक भी पाॅजिटिव पाया गया है। वह दिल्ली ट्रांस्पोर्ट कंपनी डीटीसी के साथ काम करता है और 30 मई को दिल्ली से वापिस आया था। वह धीरा उपमंडल के बैरघट्टा गांव का रहने वाला है। उधर, मंडी जिला के जोगेंद्रनगर में मुंबई से लौटे दो लोग पाॅजिटिव पाए गए।