शिमला : आईजीएमसी में कोरोना पॉजीटिव पाए गए तीन जमातियों में दो 17 साल के युवक हैं, जबकि एक 55 वर्षीय है। एमबीएम न्यूज नेटवर्क को मिली पुख्ता जानकारी के मुताबिक 17 साल का मोहम्मद शाहिद मूलतः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। लेकिन उसके पास वैरिफिकेशन के लिए कोई भी आई कार्ड नहीं मिला है। युवक 16 मार्च को गाजियाबाद से निजामुदीन मरकज पहुंचा था, जहां 700 लोगों के साथ रोजाना धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया करता था।
18 मार्च को 18 लोगों के साथ दिल्ली से नालागढ़ के लिए एचआरटीसी की बस (एचपी12-0446) में निकला था। इसके बाद 21 तारीख तक नालागढ़ मरकज में रुका था। फिर अद्दुअल मस्जिद में 21 से 23 मार्च तक रुका। 23 मार्च को गुलाबपुरा भी गया था। 31 मार्च तक गुलाबपुरा की मस्जिद में ही रुका रहा। 31 मार्च को ही उसे क्वारंटाइन कर लिया गया था। युवक 19 लोगों के संपर्क में सीधे तौर पर आया था। इसमें चिंताजनक बात यह है कि अद्दुअल मस्जिद व गुलाबपुरा में किन लोगों के संपर्क में आया था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
उधर 55 साल का नमीद अली भी गाजियाबाद का ही रहने वाला बताया गया है। उसके पास भी कोई आईडी प्रूफ वैरिफिकेशन के मकसद से नहीं मिला है। नमीद अली दिल्ली से नालागढ़ तक 23 अन्य लोगों के साथ एचआरटीसी की बस (एचपी93-0564) में आया था। 21 मार्च तक नालागढ़ मरकज में रहा। इसी दिन नंगल गांव में गया था। कई मुस्लिम परिवारों के संपर्क में आया। नंगल मस्जिद में 31 मार्च तक रहा। 31 मार्च को नमीद अली को भी लेबर होस्टल नालागढ़ के क्वारंटाइन सैंटर पहुंचाया गया। उसमें कोरोना के लक्षण नहीं मिले थे। 55 साल का जमाती 17 से 55 साल के 24 लोगों के संपर्क में आया था।
17 साल का सोहेल भी गाजियाबाद का ही है। अपने साथियों की तरह उसके पास भी कोई आईडी प्रूफ नहीं मिला है। सोहेल भी नमीद अली के साथ ही एक ही बस में पहुंचा था। ट्रैवल हिस्ट्री नमीद से मिलती-जुलती है, लेकिन फर्क यह है कि वह 21 मार्च को पलसारा मस्जिद गया था। इसी मस्जिद में वो 31 मार्च तक रुका रहा। 31 मार्च को ही उसे क्वारंटाइन किया गया था। जुटी जानकारी के मुताबिक 24 ऐसे लोगों की सूची तैयार की गई है, जिनके संपर्क में सोहेल आया था।
अब पुलिस इमामों व मौलवियों की तलाश भी कर रही है, जो मस्जिदों के संपर्क में आए थे। जमातियों को नालागढ़ तक लाने वाली एचआरटीसी बस के चालकों व परिचालकों को भी क्वारंटाइन किया जाएगा। बद्दी पुलिस ने अब तक 77 जमातियों की पहचान की है, जो पहले से ही क्वारंटाइन पर रखे गए हैं।
उधर स्टील बर्ड कंपनी से जुड़े चार लोग भी पॉजीटिव पाए गए हैं। इसमें तमाम लोगों की उम्र 65 से 75 साल के बीच है। इसमें 65 वर्षीय चंचल, 75 वर्षीय कृष्ण लाल, 70 वर्षीय शुक्ला सहजल व 75 वर्षीय सुभाष कपूर शामिल है।