शिमला : भाजपा उम्मीदवार इंदू गोस्वामी ने शुक्रवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए पर्चा भरा। विधानसभा परिसर में दोपहर डेढ़ बजे उन्होंने नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश सरकार के अधिकतर मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे। 53 वर्षीय इंदू गोस्वामी का निर्विरोध चुनाव जीतना तय है। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है और केवल इंदू गोस्वामी का ही एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ है। कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार देने से मना कर दिया है।
नामांकन पत्रों की छंटनी 16 मार्च को होगी। 18 मार्च तक नाम वापसी तथा 26 मार्च को मतदान होगा तथा उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इंदु गोस्वामी आज दिन में ढोल नगाड़ों के बीच विस परिसर पहुंची। इस अवसर पर बड़ी तादाद में उनके समर्थक भी मौजूद रहे। पिछले कल ही भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के लिए इंदू गोस्वामी के नाम का एलान किया था। हिमाचल में राज्यसभा की यह सीट कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री विप्लव ठाकुर का कार्यकाल खत्म होने पर रिक्त हुई है। इंदू गोस्वामी कांगड़ा जिला के बैजनाथ से ताल्लुक रखती है। उनकी गिनती भाजपा की तेजतर्रार नेत्रियों में होती है।
वर्ष 2016 से 2019 तक वह हिमाचल भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रहीं। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया। जिसमें उन्हें पराजय मिली। वर्ष 1998 से 2000 तक वह राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष व राज्य सामाहिक कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष रहीं। वर्ष 1998 से 2002 तक वह महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं थीं। इसके अलावा भाजपा की महिला मोर्चा की भी अध्यक्ष रही हैं। इंदू गोस्वामी छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ीं और वर्ष 1987 से 1990 तक वह एबीवीपी की सक्रिय कार्यकता रहीं।
नामांकन दाखिल करने के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में इंदू गोस्वामी ने उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी।
Latest
- हिमाचल के भाजपा नेता कंगना रनौत को चुनाव जीताना समझते हैं अपना फर्ज
- 15 व 16 जून को HPU में होगा एल्युमिनी कार्यक्रम, CM होंगे चीफ गेस्ट
- मनाली-लेह राजमार्ग NH-03 आवाजाही के लिए बहाल, बारालाचा दर्रा मार्ग बर्फ के कारण अभी भी वन-वे
- कंगना बोली, मेरी बात समझने के लिए विक्रमादित्य को लेने पड़ेंगे कई जन्म
- BJP प्रत्याशी दविंदर भुट्टो के बेटे पर पुलिस केस, फर्जी दस्तावेजों से जुड़ा मामला